गुरुग्राम में महिला बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में एसआईटी जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं। इस सनसनीखेज मामले में दोनों आरोपियों कल्याण बैंसला और लवनीश को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई अब एक अक्टूबर 2026 को होगी। इस बात की जानकारी आरोपी पक्ष के वकील ललित बिंदल ने दी है। एसआईटी की जांच और पूछताछ में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
एसआईटी जांच से पता चला है कि आरोपी कल्याण बैंसला घटना वाली रात रविवार 13 सितंबर को अपने चचेरे भाई लवनीश और दो अन्य दोस्तों के साथ एमजी रोड स्थित एमजीएफ मेट्रोपॉलिटन मॉल के द एम्पायर क्लब गया था। वहां अरेबियन नाइट्स इवेंट चल रहा था जहां क्लब में शराब परोसी गई। आरोपियों ने वहां डांस किया और एंजॉय किया। जांच के मुताबिक सुबह 06:04 बजे तक बैंसला और उसके साथी क्लब में मौजूद रहे और उसके बाद बाहर निकले। क्लब से निकलते ही कल्याण बैंसला ने मारुति सियाज कार की स्टीयरिंग संभाली, जबकि बगल की पैसेंजर सीट पर उसका भाई लवनीश बैठा था।
गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के पास पहली बार आरोपियों की मुलाकात महिला बाइकर सिया और उसके दोस्तों से हुई थी। आरोप है कि कार सवार युवकों ने सिया पर फब्तियां कसीं और रुकने का इशारा किया। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि कल्याण बैंसला के साथ बैठे लवनीश ने ही कल्याण को महिला बाइकर का पीछा करने के लिए उकसाया था। इसके बाद करीब दो किलोमीटर तक बाइक का पीछा किया गया और सुबह करीब सात बजे कार सवार युवकों ने सिया की स्पोट्र्स बाइक को साइड से टक्कर मार दी।
एसआईटी की ओर से एम्पायर क्लब की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है। इसके अलावा कार की ट्रैकिंग और मोबाइल लोकेशन की भी जांच की जा रही है। क्लब कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है। एम्पायर क्लब के पार्टनर सत्या ने बताया कि उनके पास सुबह सात बजे तक क्लब खोलने का लाइसेंस है और आरोपी सुबह 06:04 बजे वहां से निकल गए थे। पुलिस द्वारा मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स और सीसीटीवी फुटेज दे दिए गए हैं।