गुरुग्राम के मॉल में 18 स्पा सेंटरों पर पुलिस और महिला आयोग की बड़ी छापेमारी, आठ में मिलीं संदिग्ध गतिविधियां

गुरुग्राम के सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में पुलिस और महिला आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने संयुक्त रूप से 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। यह छापेमारी रात 10 बजे से सुबह तीन बजे तक करीब छह घंटे तक चली। इस दौरान आठ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिले हैं।
इस बड़े ऑपरेशन में लगभग 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे। मौके पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी अपनी टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौजूद थीं। इस कार्रवाई को एसीपी मुख्यालय 1 अभिलक्ष जोशी की देखरेख में पूरा किया गया। टीम में करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थे।
पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी सबूत जब्त किए हैं। इन सबूतों की जांच की जा रही है ताकि स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों और मैनेजरों की भूमिका का पता लगाया जा सके। छापेमारी के दौरान मौके पर लगभग 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौजूद पाए गए।
पुलिस महिलाओं से पूछताछ कर रही है ताकि उनकी परिस्थितियों का पता चल सके। वहां मौजूद पुरुषों की भूमिका की भी पुष्टि की जा रही है और सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच के बाद आगे की विस्तृत जांच थाना खेड़की दौला प्रभारी द्वारा की जाएगी।