गुरुग्राम में ओवरटेक करते समय हुई टक्कर को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेक्टर-14 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। यह गिरफ्तारी 28 अगस्त को गुरुग्राम से की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को इस मामले की जानकारी दी।
22 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-14 में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसमें बताया गया कि 16 अगस्त को शिकायतकर्ता के चाचा की स्कॉर्पियो गाड़ी नौरंगपुर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक से टकरा गई थी। इसके बाद जब शिकायतकर्ता और उसका दोस्त अपनी गाड़ी ठीक कराने के लिए सेक्टर-12 में एक डेंटर की दुकान पर पहुंचे, तो वहां 5-6 लोगों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस मारपीट की घटना में शिकायतकर्ता को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनकी पहचान
प्रवीण, करन, अजय और विनोद के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि 16 अगस्त को गाड़ी की टक्कर के बाद शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने ट्रक ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की थी, जो कि आरोपी प्रवीण के पिता हैं। इसी बात का बदला लेने के लिए प्रवीण ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस मारपीट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी प्राइवेट कंपनियों में सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर का काम करते हैं।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को
28 अगस्त को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।