गुरुग्राम में सीएनजी के दाम बढ़ने से वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने दिल्ली के साथ गुरुग्राम में भी सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने सीएनजी के दामों में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। यह नई दरें शनिवार सुबह छह बजे से लागू हो चुकी हैं। इन नई दरों के लागू होने के बाद अब गुरुग्राम में सीएनजी का नया रेट 92.01 रुपये प्रति किलो हो गया है। सुबह जब वाहन चालक सीएनजी स्टेशनों पर पहुंचे तो उन्हें बढ़ी हुई कीमतों के बारे में पता चला।
सीएनजी के दाम बढ़ते ही इसका सीधा असर ऑटो, कैब ड्राइवर और निजी सीएनजी कार मालिकों पर पड़ा है। कैब मालिक सूरज बूरा, अशोक कुमार और तिलक का कहना है कि उनका मार्जिन पहले से ही काफी कम था।
खर्च बढ़ने के कारण अब ऑटो और टैक्सी यूनियन न्यूनतम किराया बढ़ाने की मांग कर सकती हैं। चालकों का कहना है कि यदि किराया नहीं बढ़ाया गया तो उनके लिए गाड़ी चलाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। शहर में फल, सब्जी और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने वाले छोटे कमर्शियल वाहन भी सीएनजी से ही चलते हैं। ढुलाई महंगी होने की वजह से इसका असर अब खुदरा बाजार की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
वाहन चालकों का कहना है कि पहले पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में काफी अंतर होता था। लेकिन अब धीरे-धीरे यह अंतर खत्म होता जा रहा है।
इस बढ़ोतरी के कारण चालकों की जेब पर रोजाना 70 से 100 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। सीएनजी के महंगे होने से रोजमर्रा की कमाई पर गहरा असर पड़ रहा है। मूल खबर
हिन्दुस्थान समाचार से ली गई है।