गुरुग्राम की ब्लिंकिट कर्मी युवती की हत्या का आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की पूछताछ

गुरुग्राम, 29 अगस्त (हि.स.)। गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड नितिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात को उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में अंजाम दिया गया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से फिरोजाबाद की रहने वाली यह युवती गुरुग्राम में रहकर नौकरी करती थी।
शिकोहाबाद बुलाकर की गई वारदात
आरोपी नितिन यादव ने जन्मदिन और रक्षाबंधन का बहाना बनाकर मृतका को शिकोहाबाद बुलाया था। तय योजना के तहत 26 अगस्त की रात को युवती शिकोहाबाद पहुंची थी। आरोप है कि आरोपी ने पहले उसका सामान उसकी सहेली काजल के घर रखवाया और फिर उसे एक होटल में ले गया। होटल में विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की, जिसमें उसकी मौत हो गई।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश और गिरफ्तारी
युवती की मौत के बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर शव को बाइक पर लादकर ठिकाने लगाने की कोशिश की। रास्ते में पुलिस की गाड़ी देखकर दोनों आरोपी शव को हाईवे पर ही फेंककर फरार हो गए थे। 27 अगस्त की सुबह पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया। पुलिस ने होटल से मृतका का मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया है। शिकोहाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में कॉल डिटेल सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।