फरीदाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, शव के पास बैठकर विलाप करता रहा पति

फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के कैल गांव में एक 31 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान श्रेया सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के छपरा जिले की रहने वाली थीं। घटना के बाद पति रामेंद्र अपनी पत्नी के शव के पास बैठकर विलाप करता हुआ नजर आया। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रेया सिंह की शादी वर्ष 2017 में रामेंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से वह अपने पति के साथ फरीदाबाद के कैल गांव में रह रही थीं और दोनों की पांच साल की एक बेटी भी है। श्रेया ग्रेजुएट थीं और गृहिणी के रूप में घर संभालने के साथ अपनी बेटी की पढ़ाई का भी ध्यान रखती थीं। पति रामेंद्र ने बताया कि रविवार देर रात उसकी अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद रामेंद्र ने कहा कि वह घर वापस आ रहा है।
रात करीब तीन बजे जब रामेंद्र घर पहुंचा, तो उसने देखा कि श्रेया बेड पर बेसुध हालत में पड़ी थी और उसकी हालत काफी गंभीर थी। रामेंद्र के पूछने पर श्रेया ने बताया कि उसने कुछ खा लिया है। इसके बाद पति उसे तुरंत इलाज के लिए बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इसके बाद रामेंद्र उसे सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान श्रेया की मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सेक्टर-58 थाना पुलिस के एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी और रिपोर्ट तथा जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।