फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, हाथों में मशाल लेकर निकाला जुलूस और सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

Kittu Kumari1 September 20262 min read102 viewsNCR
फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, हाथों में मशाल लेकर निकाला जुलूस और सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

फरीदाबाद में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार देर शाम सफाई कर्मचारियों ने एक बड़ा प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने हाथों में मशाल लेकर शहर में जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह मशाल जुलूस सिविल अस्पताल स्थित माता गुजरी चौक से शुरू हुआ था। इसके बाद यह जुलूस तेग बहादुर चौक से होते हुए एनआईटी नंबर-1 क्षेत्र तक पहुंचा। इस प्रदर्शन में सफाई कर्मचारी नेता बालवीर प्रधान और अनूप चंडालिया समेत कई अन्य कर्मचारी नेता और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की तरफ से उन्हें कई बार बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया जाता है, लेकिन उनकी मुख्य समस्याओं पर मुख्यमंत्री या सरकार के बड़े मंत्रियों की तरफ से सीधी बातचीत नहीं की जाती है। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि हर बैठक में कृष्ण बेदी को सरकार के प्रतिनिधि के रूप में भेज दिया जाता है। उनका कहना है कि कृष्ण बेदी के साथ बातचीत करने से उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि मुख्यमंत्री खुद उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें।

सफाई कर्मचारी नेताओं ने यह भी कहा कि उन्हें बार-बार यह आश्वासन दिया जाता है कि मुख्यमंत्री उनसे बातचीत करेंगे, लेकिन बैठकों में मुख्यमंत्री के शामिल न होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक सरकार के बड़े जिम्मेदार नेता कर्मचारियों के साथ एक टेबल पर बैठकर सीधी बातचीत नहीं करते, तब तक आंदोलन खत्म करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। नेताओं का यह भी कहना है कि यदि सरकार यह सोचती है कि छोटे स्तर के नेताओं के माध्यम से बात करके कर्मचारियों को हड़ताल खत्म करने के लिए मना लिया जाएगा, तो ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह एकजुट हैं और जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment