फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में मंदिर के पास एक पुजारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान करीब 55 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। ओम प्रकाश यादव पिछले करीब एक साल से इसी मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। सोमवार सुबह पुलिस को मंदिर के पुजारी की हत्या होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर के पीछे नहर किनारे जंगल में पड़े शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण किया।
पुजारी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि पुलिस अभी मौत के कारणों को लेकर जांच कर रही है और यह स्पष्ट नहीं है कि मौत चोट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। सराय एसीपी संदीप मोर ने इस मामले की जानकारी दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास जांच करने के साथ-साथ मंदिर से जुड़े लोगों और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है।