फरीदाबाद में महिला का फोन हैक कर लाखों की ठगी, जयपुर से खाता ऑपरेटर गिरफ्तार

फरीदाबाद: महिला का फोन हैक कर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाता ऑपरेटर को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है जो राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके फोन पर एक लिंक आया था। उस लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक हो गया और बैंक खाते से पांच लाख बारह हजार रुपये कट गए। इस शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच में सामने आया कि जिस खाते में ठगी के पैसे आए थे, उसका एक्सेस आरोपी संदीप के पास था। आरोपी ने खाते में आए पैसों में से अपना हिस्सा रखकर बाकी रकम ठगों द्वारा बताए गए अन्य खातों में ट्रांसफर की थी। बीएससी पास आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।