फरीदाबाद के मेडिकल स्टोर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र की पर्वतीय पुलिस चौकी इलाके में स्थित सुभाष चौक पर रविवार देर रात एक मेडिकल स्टोर में अचानक आग लग गई। दुकान के अंदर से तेज धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकान के अंदर दवाइयों और मेडिकल सामान की अधिकता के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। सुभाष चौक के पास बालाजी हेल्थ केयर के नाम से मेडिकल स्टोर है। रविवार देर रात के बीच दुकान के अंदर अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने तुरंत मेडिकल स्टोर संचालक को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही संचालक मौके पर पहुंचे। इससे पहले स्थानीय लोगों ने दुकान खोलकर आग बुझाने की कोशिश की। आसपास से पानी लाकर आग पर डाला गया, लेकिन दुकान में बड़ी मात्रा में दवाइयां, मेडिकल उपकरण और लकड़ी की रैक होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते रैक और दुकान के अंदर रखा सामान आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।