फरीदाबाद में अंडमान में होटल बुकिंग कराने के नाम पर एक महिला से 84 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने फर्जी वेबसाइट तैयार करने वाले आरोपी सहित कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार कॉलर भी शामिल हैं जो किराये के कमरे में बैठकर लोगों को होटल बुकिंग के नाम पर झांसे में लेते थे। गिरफ्तार आरोपितों में राहुल, जय बिष्ट, विशाल, अंकुर, विक्रम, पुनित सक्सेना तथा एक महिला आरोपी शामिल हैं।
सेक्टर-78 निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अंडमान में होटल बुकिंग के लिए ऑनलाइन सर्च किया था।
सर्च के दौरान उसे पेसिफिक होलीडे इंडिया के नाम से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मिला जिसपर संपर्क करने पर ठगों ने होटल बुकिंग का भरोसा दिलाया। कथित ठगों ने बुकिंग के बहाने महिला से विभिन्न माध्यमों से कुल 84 हजार रुपए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में महिला को ठगी का पता चला जिसकी शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गाजियाबाद, हरिद्वार व हापुड़ से काबू किया।
सबसे पहले आरोपी राहुल को काबू किया गया जो गिरोह के लिए फर्जी वेबसाइट और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करवाता था। इसके बाद बैंक अकाउंट स्टेटमेंट के आधार पर खाताधारक जय बिष्ट को पकड़ा गया जिसके खाते में ठगी के 84 हजार रुपए आए थे। पूछताछ में सामने आया कि विक्रम इस गिरोह का मुख्य सरगना है जिसने गाजियाबाद में कमरा किराए पर ले रखा था।
विक्रम अपने साथियों विशाल, अंकुर और पुनित सक्सेना के साथ मिलकर कॉलिंग का काम करता था।
ये आरोपी ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर लोगों से संपर्क कर उनसे रकम बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे। विक्रम ने अपनी पत्नी के माध्यम से जय बिष्ट का खाता प्राप्त किया था जिसमें ठगी की रकम आई थी। पुलिस ने सभी आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।