फरीदाबाद में नकली टाटा मोटर्स डीईएफ फैक्टरी पर पुलिस का छापा, मालिक गिरफ्तार

फरीदाबाद में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सामान बनाने वाले के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। थाना पल्ला पुलिस ने शुक्रवार को बांध रोड स्थित एक नकली टाटा मोटर्स डीईएफ फैक्टरी पर छापेमारी की और भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने फैक्टरी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि सीएक्सआई कंसल्टेंट इंडिया प्रा. लि. के ऑपरेशन मैनेजर हरिराम शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत मिलने के बाद थाना पल्ला पुलिस की टीम ने तुरंत बांध रोड स्थित फैक्टरी पर छापा मारा। मौके से पुलिस ने 20 लीटर की 20 बाल्टियां, 10 लीटर की 4 बाल्टियां नकली टाटा मोटर्स जैन्युअन डीईएफ एच, 6 खाली बाल्टियां, 35 नीले ढक्कन, यूरिया के कट्टे और 79 सिल्वर रंग के स्टिकर बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी पिछले करीब 6-7 महीने से यह नकली डीईएफ तैयार करने का अवैध काम कर रहा था। आरोपी पानी और यूरिया के घोल से यह नकली उत्पाद तैयार करता था और फिर इसे ट्रक चालकों को सस्ते दामों पर बेचता था।
पुलिस ने आरोपी फैक्ट्री मालिक ज्वाला सिंह, जो सूर्या विहार पल्ला का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।