फरीदाबाद में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के नाम पर 95 हजार की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari15 September 20261 min read12 viewsNCR
फरीदाबाद में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के नाम पर 95 हजार की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति के साथ इंटरनेट पर डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेना भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने फोन पर संपर्क कर पीड़ित के बैंक खाते से 95,105 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के लिए इंटरनेट पर मोबाइल नंबर खोजा था, जिसके बाद उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पत्नी का नाम और अन्य जानकारी पूछकर विश्वास जीता और 2 जुलाई को यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए चार बार में पैसे निकाल लिए।

साइबर थाना एनआईटी की टीम ने जयपुर, राजस्थान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राहुल, रवि और यश के रूप में हुई है जो जयपुर के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल खाताधारक है जिसने स्मार्ट ऐज सॉल्यूशन फर्म के नाम पर करंट खाता खुलवाया था। इस खाते को रवि और यश के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाया गया था जिसमें ठगी के 79,892 रुपये आए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी यश जयपुर हाई कोर्ट में वकालत करता है जबकि रवि जयपुर में कोचिंग देने का काम करता है। आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment