फरीदाबाद: महिला को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

फरीदाबाद के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करके महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एक महिला ने शिकायत दी थी कि अभिषेक पिछले कई वर्षों से उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोपी महिला के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बना रहा था। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी और महिला की मुलाकात राजस्थान के एक मेले के दौरान हुई थी। मेले में दोनों की मुलाकात के बाद फोन नंबर का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत शुरू हो गई थी। इसी दौरान आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे जिसके आधार पर वह लगातार उस पर दबाव बना रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से दबोच लिया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।