फरीदाबाद में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर, सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत और दो बहनें घायल

Kittu Kumari29 August 20262 min read184 viewsNCR
फरीदाबाद में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर, सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत और दो बहनें घायल

फरीदाबाद में रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां अगले ही दिन उस समय मातम में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी ने चार भाई-बहनों को अपनी चपेट में ले लिया। यह दर्दनाक हादसा धौज थाना क्षेत्र की मांगर चौकी के अंतर्गत मंगल चौक के पास शनिवार को हुआ, जहां चार भाई-बहन सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। इस भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों अखिलेश और अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दोनों बहनें सरोज और राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आरोपी कार ड्राइवर अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

रक्षाबंधन पर राखी बांधकर लौट रहे थे भाई-बहन

अवधेश और सरोज पलवल में रहते थे, जबकि उनके भाई अखिलेश दिल्ली के बांसगांव क्षेत्र में रहते थे। रक्षाबंधन के त्योहार पर अवधेश, सरोज और राजकुमारी अपने भाई अखिलेश को राखी बांधने बांसगांव गए थे। त्योहार मनाने के बाद शनिवार सुबह चारों भाई-बहन अपने घर लौटने के लिए निकले थे और गुरुग्राम से फरीदाबाद जाने वाली बस का इंतजार मंगल चौक के पास सड़क किनारे खड़े होकर कर रहे थे। इसी दौरान गुरुग्राम की तरफ से आई तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल में दो भाइयों को मृत घोषित किया गया

टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई, जबकि टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर की नंबर प्लेट भी टूटकर वहीं गिर गई। सूचना मिलते ही मांगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को सरकारी वाहन से बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने अखिलेश और अवधेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरोज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया और राजकुमारी के हाथ में फ्रैक्चर आया है। मृतकों के चाचा नन्हे ने बताया कि अखिलेश अपने परिवार में अकेला कमाने वाला व्यक्ति था।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment