फरीदाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से 83 किलो अवैध पटाखे बरामद और आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari15 September 20261 min read10 viewsNCR
फरीदाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से 83 किलो अवैध पटाखे बरामद और आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों पर लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने न्यू तिलपत कॉलोनी में एक घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है जो घर के अंदर अवैध रूप से पटाखे छिपाकर बेच रहा था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूत्रों से यह सूचना मिली थी कि न्यू तिलपत कॉलोनी के एक घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 55 वर्षीय रोहताश के रूप में हुई है, जो न्यू तिलपत कॉलोनी, फरीदाबाद का रहने वाला है। पुलिस द्वारा आरोपी के घर की तलाशी ली गई, जिसके दौरान घर के अंदर से कुल 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने सारा सामान जप्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी रोहताश ने यह खुलासा किया कि वह इन सभी पटाखों को उत्तर प्रदेश के आगरा से लगभग 20 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी की मंशा आगामी त्योहारी सीजन के दौरान इन अवैध पटाखों को अधिक कीमत पर बेचकर अवैध रूप से ज्यादा मुनाफा कमाने की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी यह योजना नाकाम कर दी।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment