दिल्ली के मोती नगर में घर में लगी भीषण आग, एलपीजी सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत

दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार तड़के एक घर में भीषण आग लग गई, जिसके बाद एलपीजी सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा तिलक नगर के साहुपुरा इलाके की गली नंबर 11 में एक मकान की ग्राउंड फ्लोर पर हुआ। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजकर 25 मिनट पर हुई। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी और उसके बाद सिलेंडर फट गया। स्टेशन ऑफिसर बत्ती लाल की ओर से इस घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर एक वाटर टेंडर, एक ब्रीदिंग फायर टेंडर और एक वाटर बाउसर भेजा। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और मामले की अन्य जानकारी अभी आनी बाकी है।