दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेयर प्रवेश वाही ने किया दक्षिण पूर्व जोन का दौरा

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने राजधानी की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सोमवार को दक्षिण पूर्व जोन के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। मेयर ने विजय कैंप में फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) के निर्माण कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त संजीव खिड़वार भी मौजूद रहे।
लाजपत नगर स्थित एनिमल बर्थ Control (ABC) सेंटर के औचक निरीक्षण के दौरान मेयर ने आवारा कुत्तों की देखभाल पर असंतोष जताया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मेयर ने लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट पार्किंग के पास बन रहे FCTS को भी जल्द पूरा करने को कहा और सितंबर तक सभी विकास कार्य पूरे करने की समयसीमा तय की।
जांगपुरा और निजामुद्दीन इलाके में निरीक्षण के दौरान मेयर ने अधिकारियों को नीला गुंबद चौक पर सफाई सुधारने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात करने को कहा। दयानगंज वार्ड की पार्षद सारिका चौधरी भी इस दौरान मौजूद थीं। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अतिक्रमण हटाएं और सार्वजनिक जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त रखें।
इस निरीक्षण के दौरान जोन की अध्यक्ष नीतू चौधरी, उपायुक्त डॉ. सचिन गुप्ता, इंजीनियर-इन-चीफ के.के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ निगम अधिकारी उपस्थित रहे। मेयर ने सभी विकास कार्यों को तय समय में पूरा करने और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया।