लक्ष्मी योजना: CBDC वॉलेट पेमेंट रुका, दिल्ली सरकार अब FD में डालेगी पैसे
दिल्ली सरकार ने लक्ष्मी योजना के लिए CBDC वॉलेट पेमेंट रोका है। अब लाभार्थियों के पैसे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में डाले जा रहे हैं।

दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी लक्ष्मी योजना CBDC भुगतान प्रणाली में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण अब लाभार्थियों को पैसे देने के तरीके में बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने डिजिटल वॉलेट के जरिए होने वाले भुगतान को फिलहाल रोक दिया है और अब लाभार्थियों की आर्थिक सहायता राशि को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में ट्रांसफर करने का फैसला लिया है।
बता दें कि अगस्त 2026 में इस योजना की शुरुआत हुई थी, लेकिन सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट के जरिए अब तक केवल 53 महिलाओं को ही भुगतान किया जा सका। इस मामूली सफलता और तकनीकी बाधाओं को देखते हुए सरकार ने स्प्लिट पेमेंट मॉडल को छोड़ने का निर्णय लिया है। अब सभी स्वीकृत लाभार्थियों के लिए ₹2,500 की मासिक सहायता राशि जनवरी 2027 तक फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा की जा रही है। अब तक 4,488 लाभार्थियों के लिए FD खाते खोले जा चुके हैं।
तकनीकी खामियां और आवेदनों की लंबी पेंडेंसी
दिल्ली सरकार का कहना है कि CBDC एक नई डिजिटल व्यवस्था है, जिसे और अधिक मजबूत बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के साथ तालमेल बिठाने की जरूरत है। हालांकि, समस्या सिर्फ तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी देरी हो रही है।
योजना के लिए 1 अगस्त 2026 से अब तक कुल 7,51,961 आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन इनमें से करीब 94% यानी 7 लाख से ज्यादा आवेदन अभी शुरुआती जांच (स्क्रूटिनी) के स्तर पर ही अटके हुए हैं। इस देरी की मुख्य वजह प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट्स (PMU) का न बन पाना है। सरकार ने बताया कि हालिया टेंडर में केवल एक ही बोली मिली थी, जिसके बाद वित्त विभाग ने दोबारा टेंडर निकालने की सलाह दी है।
फिलहाल, आवेदनों की जांच के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग जिला स्तरीय समितियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की मदद ले रहा है। यह योजना उन महिलाओं के लिए है जिनकी उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच है, परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है और जो पिछले 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हैं।