पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली सरकार ने लॉन्च किए दो विशेष गाने, सरकारी स्कूलों के बच्चों ने दी बधाई

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में दो विशेष गाने लॉन्च किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन गानों को लॉन्च किया। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ इन गानों को गाया और मुख्यमंत्री भी उनके साथ शामिल हुईं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद और बड़ी संख्या में दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए ग्रीटिंग कार्ड भी मुख्यमंत्री को सौंपे गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों द्वारा तैयार किए गए विशेष गानों को लॉन्च करना उनके लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी सुरीली आवाज में इन गानों की प्रस्तुति दी और संगीत के माध्यम से अपनी रचनात्मकता व भावनाओं को व्यक्त किया। इन गानों के जरिए बच्चों ने प्रधानमंत्री के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और जन्मदिन की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड भी उन्हें सौंपे गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन कार्डों और बच्चों की भावनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दो विशेष गानों में से एक को सरकारी स्कूलों के बच्चों ने और दूसरे को कॉलेज के छात्रों ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और भावनाओं के साथ तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों, शिक्षा विभाग और संबंधित शिक्षकों की सराहना की जिन्होंने इन विशेष गानों को तैयार किया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा, संवेदनशीलता और रचनात्मकता को एक सार्थक मंच मिला है।