छोटा हरिद्वार में छठ महापर्व का आगाज, गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गाजियाबाद के छोटा हरिद्वार में छठ महापर्व का आगाज हो गया है। नहाय-खाय के मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा की शुरुआत की।

गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित छोटा हरिद्वार में छठ महापर्व की शुरुआत के साथ ही आस्था और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पर्व के पहले दिन 'नहाय-खाय' के अवसर पर सुबह 4 बजे से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा किनारे पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और पूरे विधि-विधान के साथ इस महापर्व का शुभारंभ किया।
पूर्वांचल समाज में भारी उत्साह
दिल्ली-एनसीआर में बसे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए यह पर्व विशेष महत्व रखता है। पूर्वांचल समाज के लोगों में इस बार भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग अपने नजदीकी घाटों पर एकत्रित हुए, जहां श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर व्रत के नियमों का पालन करना शुरू कर दिया है और अब वे पूरी आस्था के साथ सूर्य देव और छठी मैया की उपासना की तैयारी कर रहे हैं।