दिल्ली में सफाई कर्मचारी की आत्महत्या का मामला, बीजेपी ने आप पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्षवर्धन मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी के त्रिलोकपुरी से पार्षद विजय कुमार पर वित्तीय धोखाधड़ी और सफाई कर्मचारी दीपक को आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है। गुरुवार को पार्टी कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्होत्रा ने पुलिस एफआईआर जारी करते हुए कहा कि यह घटना आप पार्टी का असली चेहरा बेनकाब करती है।
मल्होत्रा के अनुसार, त्रिलोकपुरी वार्ड में कई साल से काम करने वाले दीपक ने घर बनाने के लिए पार्षद से मदद मांगी थी। आरोप है कि करीब एक साल पहले पार्षद ने दीपक के नाम पर 15 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया और पूरी रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। मल्होत्रा ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद ने दीपक की चेकबुक अपने पास रखी थी और पिछले 9-10 महीने से उसका वेतन भी निकाल रहा था।
जब दीपक ने अपने पैसे या घर की मांग की, तो उसे धमकियां दी गईं और 25 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण दीपक ने 1 सितंबर को आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पार्षद ने परिवार को डराने की कोशिश भी की।
बीजेपी नेताओं के सहयोग से 14 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीजेपी ने आप नेताओं से आरोपी पार्षद पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अन्य बीजेपी नेता भी मौजूद रहे।