कांग्रेस नेता अल्का लांबा के पिता के घर पर चोरों का धावा, नकदी और जेवर चोरी

कांग्रेस नेता और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा के 88 साल के पिता के घर चोरी हुई है। यह घटना रविवार, 30 अगस्त 2026 की सुबह तड़के दिल्ली के टैगोर गार्डन इलाके में स्थित सी-ब्लॉक घर में हुई। तीन नकाबपोश चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घर की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों चोर अंदर घुसते और करीब 10 मिनट के भीतर एक ही मोटरसाइकिल पर फरार होते हुए दिखाई दिए हैं। चोरों के इस पूरी वारदात का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है।
चोर घर से नकदी और कीमती जेवर चुराकर ले गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, चोरों ने घर से एक सोने की चेन, हीरे की बालियां, सोने की बालियां और 1.75 लाख रुपये नकद चुराए। अल्का लांबा ने बताया कि यह नकदी उनके पिता की बचत के पैसे थे। इस चोरी की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
अल्का लांबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में चोरों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की है। लांबा ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की अपील की है। साथ ही उन्होंने दिल्ली में निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।
दिल्ली पुलिस ने राजौरी गार्डन पुलिस स्टेशन में इस मामले की आधिकारिक एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारी घर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले और बाद में चोर किस रास्ते से आए और गए थे। इस मामले में आगे की जांच अभी जारी है।