दिल्ली में 22-23 सितंबर को होगी तीसरी एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स कॉन्फ्रेंस, 36 राज्यों के प्रमुख होंगे शामिल

दिल्ली में 22 और 23 सितंबर को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के प्रमुखों का तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश में ड्रग्स की समस्या से निपटने के लिए अब तक किए गए संयुक्त प्रयासों की समीक्षा करना और आगे की रणनीति तैयार करना है। इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जिसका आयोजन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा किया जा रहा है। सम्मेलन में देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एएनटीएफ प्रमुख और कई सरकारी अधिकारी हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन के मुख्य बिंदु और चर्चा के विषय
सूत्रों के अनुसार, यह सम्मेलन केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन के दौरान ड्रग्स की सप्लाई, मांग में कमी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा देश में ड्रग कानून को मजबूत करने और सभी विभागों के साथ मिलकर काम करने की जरूरत पर भी बात की जाएगी।
तकनीकी सत्र और भविष्य की रणनीति
इस आयोजन में आधा दर्जन से अधिक तकनीकी सत्र होंगे। इन सत्रों में 2047 तक भारत को नशा मुक्त बनाने, ड्रग नेटवर्क को तोड़ने और वित्तीय जांच जैसे अहम मुद्दों पर बात होगी। साथ ही अपराधियों के प्रत्यर्पण, सिंथेटिक ड्रग्स और गुप्त प्रयोगशालाओं से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी। एनसीबी और राज्यों के एएनटीएफ तकनीक, खुफिया जानकारी और जनता के सहयोग से भविष्य की साझेदारियां तैयार कर रहे हैं।